पुलिस ने शुक्रवार को बताया कि यहां कुछ अज्ञात व्यक्तियों ने एक कश्मीरी शॉल विक्रेता के साथ कथित तौर पर मारपीट की और उसे धार्मिक नारे लगाने के लिए मजबूर किया।
उन्होंने बताया कि मामला दर्ज कर लिया गया है और मामले में कुछ संदिग्धों को हिरासत में लिया गया है।
उन्होंने बताया कि 22 दिसंबर को हुई घटना का एक कथित वीडियो भी सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर सामने आया, जिसके बाद पुलिस को मामले में कार्रवाई करनी पड़ी।
उधम सिंह नगर के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक मणिकांत मिश्रा ने कहा कि जैसे ही वीडियो सामने आया, पुलिस ने तुरंत कार्रवाई की और किसी भी प्रकार के सामाजिक तनाव को रोकने के लिए वीडियो को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म से हटा दिया गया।
शॉल विक्रेता और शिकायतकर्ता, बिलाल अहमद (30) ने कहा कि मानपुर इलाके में उजाला अस्पताल के सामने छह अज्ञात व्यक्तियों ने उसे रोका और कथित तौर पर उसे धार्मिक नारे लगाने के लिए मजबूर किया। जब उसने मना किया तो उन्होंने उसके साथ गाली-गलौज और मारपीट की।
शिकायत के अनुसार, आरोपियों ने उसके पास मौजूद गर्म कपड़े और नकदी भी छीनने की कोशिश की और धमकी दी कि अगर वह दोबारा अपना सामान बेचने के लिए इलाके में आया तो उसे जान से मार दिया जाएगा।
अधिकारी ने कहा, कुपवाड़ा का मूल निवासी अहमद वर्तमान में पास के रामनगर में रह रहा है और पिछले नौ वर्षों से इस क्षेत्र में काम कर रहा है।

